रुद्रपुर बस अड्डे के बाहर मुस्तैद यातायात पुलिस, खाली पड़ी रोड़। संवाद
- फोटो : रुद्रपुर बस अड्डे के बाहर मुस्तैद यातायात पुलिस, खाली पड़ी रोड़। संवाद
रुद्रपुर। रोडवेज बस अड्डे के बाहर लगने वाले ई-रिक्शा के जमघट से निजात दिलाने के अहम फैसले के दूसरे दिन भी अमल होते दिखा। बस अड्डे के बाहर लगने वाला ई-रिक्शा का जमघट गायब हो गया है।
डीडी चौक से लेकर रोडवेज गेट और आवास विकास को जाने वाले मार्ग पर ई-रिक्शा की भरमार रहती थी। रविवार को यातायात पुलिस ने ट्रांजिट कैंप, खेड़ा, गंगापुर, फुलसुंगा, कौशल्या विहार और आवास विकास की ओर जाने वाले मार्ग पर बेरिकेडिंग कर ई-रिक्शा के खड़े होने की व्यवस्था रामलीला गेट के पास कर दी थी। सोमवार को बस अड्डे के बाहर का नजारा पूरी तरह से बदला नजर आया।
सुबह आठ बजे बस अड्डे के पास पुलिस बल तैनात कर दिया गया। ऐसे में ई-रिक्शा को बस अड्डे के गेट से पहले ही रोका गया। सुबह करीब 11 बजे के बाद व्यवस्था पटरी पर आ गई। शाम तक बस अड्डे के बाहर ऐसा ही नजारा देखने को मिला।
बस अड्डे के पास नई व्यवस्था से काफी सुधार देखने को मिला है। जाम लगने का सिलसिला बंद हो गया है। ई-रिक्शा संचालक भी इस पर सहमत हैं। बस अड्डे के बाहर सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। -नरेंद्र आर्या यातायात निरीक्षक।