बसंत विहार कॉलोनीवासियों को डीएम के आश्वासन पूरे होने का इंतजार
काशीपुर। शहर के कुंडेश्वरी रोड पर बसंत विहार कॉलोनी के लोग बारिश से पहले एक बार फिर दहशत में है। उन्हें इस बात का डर सता रहा है कि कहीं इस बार भी कॉलोनी में जलभराव का सामना न करना पड़े। फरवरी महीने में कॉलोनी के अधिकतर पूर्व सैनिकों और लोगों ने जिलाधिकारी को तहसील दिवस में ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की अपील की थी। उस वक्त जिलाधिकारी ने समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया था, लेकिन करीब पांच महीने बीतने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। काॅलोनी में न तो सड़क बनी है और न ही बिजली के तारों और खराब स्ट्रीट लाइटों का समाधान किया गया है। अलबत्ता नाले के निर्माण का काम शुरू हो गया है, जो कछुआ चाल से चल रहा है।
घर में जाने के लिए खुद बनाई मकान के आसपास सड़क
कॉलोनी में स्थिति यह है कि भारी जलभराव हो जाने पर उनका घर के अंदर जाना भी मुश्किल हो जाता है। मोहन सिंह बिष्ट ने अपने घर के चारों तरफ खुद अपने खर्चे से सड़क बनाई हैं ताकि जलभराव से बचा जा सके। कॉलोनी में सड़के न होने के कारण समस्या ज्यादा गंभीर है।
बिजली के तारों का जाल भी समस्या
काशीपुर। कॉलोनी में बिजली के तार कई जगह जमीन छू रहे हैं। कॉलोनीवासियों की मानें तो कई बार संबंधित अधिकारियों को तारों से जुड़ी समस्याओं के बारे में अवगत कराया। खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को बदलवाने के लिए भी मांग उठाई। पूर्व सेनानी कल्याण समिति के अध्यक्ष सूबेदार मेजर सेवानिवृत्त विक्रम सिंह और अन्य कॉलोनीवासियों ने प्रशासन ने इन समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की है।