दिनेशपुर। रुद्रपुर-काशीपुर हाइवे पर डंपर की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मंगलवार दोपहर चित्तरंजनपुर निवासी सुनील बैरागी (75) बाइक से मोहनपुर के रास्ते गदरपुर जा रहे थे। महेशपुर के निकट रुद्रपुर-काशीपुर हाइवे पर कट के पास अज्ञात डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह बीच सड़क पर गिर पड़े। उनके सीने और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही 108 एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया। यहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी जेब में मिले फोन से पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। आनन-फानन परिजन सहित बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंचे।
मलेरिया विभाग से सेवानिवृत बैरागी क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी और मृदुभाषी होने के साथ काफी मिलनसार थे। उनकी पत्नी की कई साल पहले मौत हो गई है। उनके दो पुत्र, एक पुत्री है। तीनों की शादी हो चुकी है। देर शाम नगर के मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।