काशीपुर में सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी ने एक कांस्टेबल की पत्नी के गले पर चाकू मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर दिल्ली ले जाया गया। मारपीट में महिला के दोनों बच्चे भी घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
खड़कपुर देवीपुरा निवासी सचिन कुमार यूपी पुलिस में कांस्टेबल हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती बरेली जनपद में है। उनकी पत्नी रिंकी अपने दोनों बच्चों के साथ खड़कपुर देवीपुरा में रहती है। काॅलोनी के ही सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी संजय गौतम का कांस्टेबल के घर आना-जाना है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि संजय बुधवार शाम सचिन के घर आया। इस बीच किसी बात को लेकर उसका रिंकी से विवाद हो गया। इस पर उसने चाकू से रिंकी की गर्दन पर वार कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसने रिंकी के बच्चों से भी मारपीट की। इस बीच चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हुए तो आरोपी भाग गया। पड़ोसियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया और उसके पति को सूचना दी। निजी अस्पताल में इलाज के बाद उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
एसपी स्वप्न किशोर सिंह ने आईटीआई कोतवाली पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि कांस्टेबल की तहरीर के आधार पर संजय गौतम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।