काशीपुर। अब रोडवेज डिपो में चालक-परिचालकों की भर्ती बाह्य एजेंसी के माध्यम से की जाएगी। देहरादून की एक एजेंसी से अनुबंध न्यूनतम दरों पर हो गया है। परिवहन निगम में काफी समय से चालक-परिचालकों की कमी बनी हुई है। निगम ने बस संचालन सुचारू बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया है।
उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन के मुताबिक इस संबंध में टेंडर 30 अक्तूबर 2023 को निकाला गया था जिसमें प्लैटिनम व्यू होम सॉल्यूशन की ओर से दी गई चालक व परिचालकों की न्यूनतम दरों को स्वीकार किया गया है। देहरादून, टनकपुर और काठगोदाम रीजन में संविदा चालक-परिचालक की आपूर्ति के लिए तीन जनवरी को एजेंसी का अनुबंध हो चुका है। इसके लिए एजेंसी के अधिकृत प्रतिनिधि शाहब तसनीम ने परफार्मेंस सिक्योरिटी राशि 50 लाख रुपये जमा की है। यह अनुबंध 11 माह के लिए है, जो 11-11 माह करके दो बार बढ़ाया जा सकता है। संवाद
काशीपुर डिपो को चाहिए 16 चालक और 41 परिचालक
काशीपुर। काशीपुर डिपो के वरिष्ठ प्रभारी हरेंद्र सिंह नितवाल ने बताया कि डिपो में फिलहाल चालक-परिचालक नहीं होने से संचालन प्रभावित होता है। सफल संचालन के लिए मुख्यालय को 16 चालक और 41 परिचालकों की डिमांड भेजी गई है। संवाद