बनबसा स्थित शारदा घाट पर चलती चुफाल दंपती व दोनों बच्चों की चिताएं।
- फोटो : स्रोत: परिजन
नैनीताल जिले के भवाली में बृहस्पतिवार को हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चुफाल परिवार के सदस्यों का शुक्रवार को बनबसा जिला चंपावत के शारदा घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार हुआ। दंपती और उनके पुत्र और पुत्री की चिताएं जलतीं देख वहां मौजूद रिश्तेदारों, परिचितों की आंखें नम हो गईं।
अमाऊं, खटीमा निवासी भूपेंद्र सिंह चुफाल (48) बृहस्पतिवार को पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल (45), पुत्र वासु (19) और पुत्री रावी (12) के साथ भवाली के पास दूनीखाल जा रहे थे। रास्ते में वाहन के खाई में गिरने से परिवार के चारों सदस्यों और चालक की मौत हो गई थी। इस दुखद घटना से खटीमा में शोक की लहर दौड़ गई।
बृहस्पतिवार देर रात भूपेंद्र सिंह चुफाल की मां तुलसी देवी, दोनों बहनें कमला और उमा, जीजा वीरेंद्र सिंह व दामाद सुनील सिंह भी खटीमा पहुंच गए। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था।
शुक्रवार को शारदा घाट पर चुफाल दंपती की चिता एक साथ और पुत्र-पुत्री की अलग-अलग चिताएं जलाकर अंत्येष्टि की गई। उनके जीजा और दामाद ने चिता को मुखाग्नि दी।
इस मौके पर विधायक भुवन कापड़ी, पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, उमेश राठौर, देवेंद्र कन्याल, सतीश भट्ट, नंदन सिंह खड़ायत, भुवन भट्ट, किशन सिंह किन्ना, सुरेश बोरा आदि मौजूद रहे।