रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में फायरिंग और अवैध हथियारों के बल पर लोगों को डराने-धमकाने की झूठी सूचना देना एक महिला को महंगा पड़ गया। बुधवार देर रात एक ई-रिक्शा चालक से दुर्घटना होने के बाद स्थानीय लोगों ने उसे रोक लिया था। चालक के बुलाने पर कुछ युवक मौके पर पहुंचे जहां दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। घटना के बाद अभियुक्त वहां से चले गए। इसी दौरान ललिता नामक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि बाइक सवार युवक तमंचों और धारदार हथियारों से लैस होकर आए, फायरिंग की और तलवार लहराकर लोगों को धमकाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। जांच के दौरान फायरिंग के कोई साक्ष्य नहीं मिले। सीओ विभव सैनी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में सिर्फ कुछ बाइक सवार गुजरते दिखाई दिए जबकि फायरिंग या हथियार लहराने जैसी कोई घटना सामने नहीं आई। जांच में सूचना झूठी पाए जाने पर महिला के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। संवाद