रुद्रपुर। अंकिता भंडारी की हत्या के विरोध में जिले भर में आक्रोश है। जगह-जगह कांग्रेस और अन्य संगठनों के लोगों ने प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
रुद्रपुर में शनिवार को कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा व कार्यवाहक महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ता इंदिरा चौक पर एकत्र हुए। उन्होंने भाजपा नेता के पुत्र की ओर से अंकिता भंडारी की हत्या किए जाने पर आक्रोश जताते हुए भाजपा सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेसियों ने अंकिता हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की भी मांग की। वक्ताओं ने सरकार पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया। कहा कि पांच दिन तक मामले में लीपापोती होती रही और आरोपी मामले को दबाने की कोशिश में लगे रहे।
महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा ने कहा कि भाजपा एक तरफ बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देती है दूसरी तरफ उसी के नेता बेटियों के साथ घिनौना काम करते हैं। कहा कि अंकिता हत्याकांड से देवभूमि एक बार फिर कलंकित हुई है। घटना से जाहिर हुआ है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था बद से बदतर हो चुकी है। जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कहा कि भाजपा के कुशासन में आज बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं है। प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के कड़े इंतजाम होने चाहिए। उन्होंने जांच में लापरवाही बरतने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की। वहां सौरभ चिलाना, अबरार, प्रीति साना, सपना गिल, उमा सरकार, सुनील आर्य, सतीश, बाबू विश्वकर्मा, भूपेंद्र आदि थे।
इधर उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी से जुड़ी महिलाओं ने शनिवार की शाम को कल्याणी व्यू के समक्ष अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि दी। महिला कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीना शर्मा व महानगर महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष मोनिका ढाली के नेतृत्व में कई महिलाएं कल्याणी व्यू पहुंची। महिलाओं ने दीप जलाकर कल्याणी नदी में प्रवाहित कर अंकिता को श्रद्धांजलि दी। वहां पार्षद प्रीति साना, सरोज रानी, मंजू जैन, पूनम गुप्ता, मधु सिकंदर, सोफिया नाज, गंगा देवी, बेबी रानी, सावित्री देवी आदि थे।
भाजपा महिला मोर्चा ने अंकिता हत्याकांड के दोषियों को कड़ी सजा देने की उठाई मांग
खटीमा। भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों की बैठक लोनिवि विश्राम गृह में नगर मंडल अध्यक्ष धाना भंडारी की अध्यक्षता में हुई। इसमें अंकिता हत्याकांड की घोर निंदा की गई। बैठक में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अंकिता को श्रद्धांजलि दी। बैठक में महिलाओं ने धामी सरकार की कार्यशैली पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने व उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में हर बेटी सुरक्षित रह सके। संचालन अंजू सिंह ने किया। वहां मोहनी पोखरिया, सावित्री कन्याल, विमला बिष्ट, इंद्रा चंद, इंद्रा भाटिया, श्वेता पांडे, नीलू गुप्ता, दीपा भाटिया, नीता सक्सेना, जानकी पांडे, विमला मुडेला, लीला मंगला, लक्ष्मी धामी आदि थे। संवाद
इधर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने अंकिता को न्याय दिलाने के लिए महाविद्यालय से मुख्य चौक तक आक्रोशित रैली निकाली और अंकिता के हत्यारों को फांसी दिलाने के लिए नारेबाजी की। मुख्य चौक पर कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर अंकिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहां छात्रसंघ अध्यक्ष एवं एबीवीपी कुमाऊं सह संयोजक सुमित बहादुर पाल, एबीवीपी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पारस अग्रवाल, मंडी चेयरमैन नंदन सिंह खड़ायत, निखिल पांडे, प्रियंका, मुस्कान, शिवानी, हेमा, अंजली आदि रहे।
भाजपा नेता के बेटे ने देवभूमि को कलंकित किया : आर्य
काशीपुर। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा है कि एक बेकसूर बेटी की जघन्य हत्या करने वाले भाजपा नेता के बेटे की करतूतों ने देवभूमि को कलंकित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस कांड को लेकर दबाव में काम कर रही है। विपक्ष के दबाव के चलते मजबूरी में कार्रवाई की गई है। आर्य ने इस मुकदमे को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाए जाने की मांग की है। उन्होंने भर्ती घोटालें में सरकार की नीति और नीयत को लेकर भी सवाल उठाए।
नेता प्रतिपक्ष शनिवार को काशीपुर में पं. जीबी पंत इंटर कॉलेज के स्वर्ण जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे थे। पत्रकारों से बात में आर्य ने कहा है कि उत्तराखंड में भर्ती घोटालों को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। उन्होंने कहा कि व्यापम घोटाले में ब्लैक लिस्टेड कंपनी को अधीनस्थ कर्मचारी आयोग की परीक्षाओं का जिम्मा दिए जाने से सरकार की भूमिका संदेह के दायरे में हैं।
आर्य ने कहा कि एसटीएफ की जांच पर जनता को भी भरोसा नहीं है। इस मामले की गोपनीय जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की देखरेख में होनी चाहिए। कहा कि विपक्ष के दबाव में ही सरकार इस मामले में जांच के लिए मजबूर हुई है। कहा कि निष्पक्ष जांच नही होने पर इसके परिणामों को लेकर संशय बना रहेगा। ऐसे में सरकार को आगे बढ़कर ठोस पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड में सरकार ने समय रहते कार्रवाई नहीं की।
अंकिता हत्याकांड के विरोध में फूंका प्रदेश सरकार का पुतला
काशीपुर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को एमपी चौक पर विरोध-प्रदर्शन कर राज्य सरकार का पुतला फूंका। वक्ताओं ने अंकिता भंडारी के हत्यारोपी को को फांसी देने की मांग की। कहा कि भाजपा का बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा पूरी तरह से झूठा है। सरकार के संरक्षण में ही असामाजिक तत्व महिला उत्पीड़न कर रहे हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। पुतला फूंकने वालों में कांग्रेस के कार्यकारी महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, रवि ढींगरा, शफीक अंसारी, अरुण चौहान, अब्दुल सलीम, विमल गुड़िया, अलका पाल, रोशनी बेगम, जितेंद्र सरस्वती, माजिद अली आदि थे।
छात्रों ने निकाला कैंडल मार्च
बाजपुर। अंकिता हत्याकांड से आक्रोशित छात्रों ने शनिवार रात करीब आठ बजे मुख्य मार्ग से शहीद भगत सिंह चौक तक कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान छात्रों ने अंकिता हत्याकांड के आरोपियों को फांसी दिए जाने की मांग की। इसके साथ ही अंकिता को श्रद्धांजलि दी। वहां गुरवचन सिंह गोल्डी, आशु, रजत भंडारी, रितिक यादव, बॉबी खान, पूजा शर्मा, आजम, प्रशांत भट्ट, मयंक जोशी, अप्रचित, गौतम, दीपक चौधरी, पंकज पाल, राहुल, आकाश, नावेद आदि थे।
प्रशासन के राडार पर आए होटल, रिजॉर्ट और स्पा सेंटर
रुद्रपुर। ऋषिकेश में रिजॉर्ट रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या के बाद जिले का प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। प्रशासन के राडार पर जिले के होटल, रिजॉर्ट और स्पा सेंटर आ गए हैं। इसके अलावा नजूल भूमि पर बने होटल और रिजॉर्ट में भी जांच की तैयारी की जा रही है।
डीएम युगल किशोर पंत ने पर्यटन विभाग को आदेश दिया है कि होटल और रिजॉर्ट में गाइडलाइन का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाए। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिलेभर से गुमशुदा हुई महिला व नाबालिग के मामलों की छानबीन के लिए पुलिस को आदेश दिया है। पुलिस की एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) टीम ने भी होटलों व स्पा सेंटरों में होने वाले अनैतिक कार्यों के लिए छापे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी ने बताया कि होटलों व स्पा सेंटरों में नौकरी करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की जाएगी। गैर सरकारी जमीन पर बने होटल और रिजॉर्ट का भी डाटा खंगाला जा रहा है।