काशीपुर के मुख्य चौराहा पर धरने पर बैठे विश्वनाथपुरम गली नंबर 2 के निवासी व अन्य। संवाद
- फोटो : Samvad
आरोप- ठेकेदार ने घरों से ऊंची बना दी सड़क, पानी निकासी की नहीं है व्यवस्था
काशीपुर। गलत तरीके से सड़क और नालियों का निर्माण करने के विरोध में विश्वनाथपुरम गली नंबर 2 के निवासियों ने एमपी चौक पर प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क और नालियां ठीक कराने की मांग भी की।
सोमवार को एमपी चौक पर एकत्रित कॉलोनी के लोगों ने कहा कि गली में खड़ंजा और नालियों का निर्माण ठेकेदार ने गलत तरीके से कर दिया है। सड़क घरों से ज्यादा ऊंची हो गई है और दोनों ओर की नालियों के पानी की निकासी एक नाली से होती है। इससे लोगों के घरों में पानी घुस जाता है। आरोप लगाया कि ठेकेदार को बताने पर वह विधायक के नाम की धमकी देता है।
ठेकेदार के कहने पर लोगों ने घर के बाहर पानी निकासी के टैंक भी बनाकर मोटर लगा दी। इसमें प्रत्येक घर से 60 हजार रुपये खर्च आया। लोगों का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार एसडीएम को लिखित में शिकायत की लेकिन समस्या का हल न निकला। परेशान होकर वे लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। वहां पर विजय कौशिक, विवेक, शिशिर, सूर्या, देवेंद्र, लवदीप सिंह, राहुल कांबोज, एनसी बाबा आदि थे।
कोट
विश्वनाथपुरम गली नंबर-2 का मामला मेरे संज्ञान में है। सड़क और नाली निर्माण में नगर निगम और जिला पंचायत के अधिकारियों को जांच कर रिपोर्ट देने के लिए निर्देश दिए गए हैं। -अभय प्रताप सिंह, एसडीएम काशीपुर।