रुद्रपुर कोतवाली में नारेबाजी करते ऑटो चालक।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। डीडी चौक पर टेंपो स्टैंड पर अवैध वसूली के आरोप में टेंपो चालकों में मारपीट हो गई। घायल पक्ष ने अवैध वसूली का आरोप लगा रुद्रपुर कोतवाली में प्रदर्शन कर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की।
डीडी चौक से सिडकुल के लिए ऑटो का संचालन होता है। चालकों के मुताबिक करीब तीन माह पहले कुछ लोगों ने पिछले 20 वर्षों से यूनियन को संचालित करने वाले व्यक्ति से स्टैंड छीन कर अपने कब्जे में ले लिया। चालकों का आरोप है कि वह लोग अपने आपको एक जनप्रतिनिधि का शागिर्द बता चालकों से जबरन वसूली करते हैं। कुछ दिनों पहले तक ऑटो चालक यूनियन से कटने वाली पर्ची का शुल्क 20 रुपये देते थे लेकिन अब पर्ची का शुल्क 30 रुपये कर दिया गया है।
कालीनगर निवासी ऑटो चालक कमलेश ने बताया कि सोमवार को वह ऑटो चला रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान डीडी चौक पर यूनियन का संचालन करने वाले दो लोग उनसे पर्ची के रुपये मांगने लगे। उन्होंने रुपये देने से मना किया तो दोनों ने कमलेश पर हमला कर दिया। इस दौरान ऑटो चालक इकबाल सिंह और अशोक पासवान भी चोटिल हो गए। जिला अस्पताल में कमलेश का इलाज हुआ।
इससे आक्रोशित 50 से अधिक ऑटो चालक कोतवाली परिसर में पहुंच गए। उन्होंने वहां नारेबाजी की। इसके बाद घायलों ने आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।