रुद्रपुर। संयुक्त श्रमिक मोर्चा ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट गेट पर धरना-प्रदर्शन कर श्रमिकों की समस्याएं सुलझाने की मांग की। डीएम को ज्ञापन भेजकर उन्होंने श्रमिकों के बढ़ते उत्पीड़न पर चिंता जताई।
कलक्ट्रेट गेट पर धरना स्थल पर हुई सभा में श्रमिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष दिनेश तिवारी ने कहा कि सिडकुल की अधिकतर कंपनियों में श्रमिकों का शोषण हो रहा है। समाज ऑटोमोटिव कंपनी में सभी स्थायी 41 मजदूरों को हटाकर भारी मशीनों पर ठेके के अप्रशिक्षित श्रमिकों से काम कराया जा रहा है लेकिन जिला प्रशासन और श्रम विभाग ने निकाले गए श्रमिकों की कार्यबहाली नहीं कराई है। इंटरार्क कंपनी के श्रमिक प्रशासन के समक्ष हुए समझौते का पालन करवाने और 28 श्रमिकों की कार्यबहाली की मांग कर रहे हैं। उनकी भी सुनवाई नहीं हो रही है।
एक्टू के प्रदेश महामंत्री केके बोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में स्थित उद्योगों में मजदूरों का खुलेआम शोषण हो रहा है। प्रदेश में हजारों मजदूर बेरोजगार हो रहे हैं। इंकलाबी मजदूर केंद्र के केंद्रीय सचिव सुरेंद्र रावत ने कहा कि एक ओर सरकार मजदूरों के रोजगार को खत्म कर रही है, वहीं दूसरी ओर मजदूर और गरीब बस्तियों को उजाड़ा जा रहा है।
मजदूर सहयोग केंद्र के दीपक सनवाल ने कहा कि श्रमिकों के पक्ष में आया हाईकोर्ट का फैसला लागू नहीं किया जा रहा है जबकि श्रमिकों के खिलाफ रातों-रात फैसले लागू किए जा रहे हैं। वहां भाकपा माले के जिला सचिव ललित मटियाली, दलजीत सिंह, सौरभ कुमार, प्रकाश सिंह चिलवाल, साहेब सिंह, करन सिंह, चरण सिंह, धीरज कुमार आदि मौजूद रहे।