रुद्रपुर के काशीपुर बाईपास के किनारे धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता। संवाद
रुद्रपुर। काशीपुर बाईपास पर छह माह पहले बरसाती पानी की निकासी के लिए बनाई गई पुलिया के धंसने के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। उन्होंने इसे भ्रष्टाचार का परिणाम बताते हुए मेयर से इस्तीफा मांगा। कांग्रेसियों ने पुलिया बनाने वाले ठेकेदार को काली सूची में डालते हुए उसके विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग की। साथ ही इसमें शामिल अधिकारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई करने के लिए कहा।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सीपी शर्मा के साथ गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज के सामने काशीपुर बाईपास के किनारे धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने मेयर रामपाल के विरुद्ध नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि रुद्रपुर नगर निगम में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि मेयर के अपने चहेते ठेकेदारों को काम देने का नतीजा काशीपुर बाईपास की पुलिया के धंसने के रूप में सामने आ गया है।
शर्मा ने कहा कि नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही हैं। इस मामले में डीएम व सीडीओ से भी शिकायत की जा चुकी है लेकिन कार्रवाई नहीं हुई है। शर्मा ने आरोप लगाया कि हाल ही में जी -20 के नाम पर नगर निगम ने जो काम कराए हैं, उनमें भी गोलमाल हुआ है। इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने पुलिया धंसने के मामले में मेयर से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा की मांग की। वहां पर पार्षद मोहन खेड़ा, सपना गिल, सतीश कुमार, सुनील आर्य, अर्जुन गंगवार, संदीप कुमार, परवीन, उमा सरकार, मानस बैरागी, नंद किशोर गंगवा आदि थे।