खटीमा में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री डॉ. गणेश उपाध्याय को ज्ञापन सौंपते ग्रामीण।
- फोटो : KHATIMA
खटीमा। क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालयों (राप्रावि) के विलीनीकरण का ग्रामीणों ने विरोध किया है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. गणेश उपाध्याय ने सोमवार को ब्लॉक के चांदपुर, दिया, मझोला, बिरिया तथा गुर्जरबस्ती के स्कूल भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से दायर जनहित याचिका पर नैनीताल हाईकोर्ट ने विलीनीकरण पर रोक लगाई थी। इसके बाद भी ऊधमसिंह नगर के डीएम ने स्कूलों का विलीनीकरण कर दिया। उपाध्याय ने विलीनीकरण से प्रभावित बच्चों के अभिभावकों और स्कूल प्रबंध समिति के सदस्यों से मुलाकात कर शासन की इस कार्यवाही पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने विलीनीकृृत राप्रावि चांदपुर, मझोला तथा गुर्जरबस्ती के दोबारा संचालन की मांग भी की। वहां पर ग्राम प्रधान बिरिया रवींद्र सिंह, विक्रम सिंह, नीरज राणा, सविता देवी, संगीता, मानवती, निशा, लता, याकूब, यामीन, सिराज अहमद, रीता देवी आदि थे।