काशीपुर। नगर क्षेत्र में एनएचएआई, लोनिवि व नगर निगम की अधिकांश सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। जिम्मेदार विभाग बजरी-मिट्टी मिक्स कर गड्ढे भर रहा है, जो वाहनों की आवाजाही से फिर वैसे ही हो जा रहे हैं।
नगर क्षेत्र की अधिकतर सड़कों पर गहरे गड्ढे होने से हर वक्त हादसों का खतरा बना रहता है। मुख्यमंत्री ने 15 अक्तूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का आदेश दिया है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग गंभीर नहीं हैं। महाराणा प्रताप चौक पर आरओबी शुरू होने से पहले गड्ढों में ईंट भरकर काम चला दिया गया। वहीं स्टेडियम से बैलजुड़ी रोड पर बने गड्ढों में बजरी-मिट्टी भरकर काम चला दिया गया। बजरी सड़क पर फैलने से दोपहिया वाहनों चालकों के लिए और अधिक खतरनाक हो गई है। सीएम की घोषणा के प्रति एनएचएआई, लोनिवि व नगर निगम गंभीर नहीं हैं। विभागीय लापरवाही का खामियाजा दोपहिया व तिपहिया वाहन चालकों को उठाना पड़ रहा है। वहीं सड़क पर बिखरे पत्थर वाहनों के पहिए से छिटककर लोगों के लग रहे हैं।
- राज्यपाल के आने की सूचना पर गड्ढों का अस्थायी भरान कराया गया है। जल्द ही गड्ढायुक्त सड़कों का डामरीकरण कराया जाएगा।
- अरुण कुमार, ईई, लोनिवि।