गदरपुर। पालिका प्रशासन की ओर से गूलरभोज मोड़ पर बनाए जा रहे नए बरसाती नाले से गूलरभोज के दुकानदारों को जल भराव की समस्या से राहत मिलेगी। पालिका अध्यक्ष मनोज गुंबर ने बताया कि पांच जुलाई को वार्ड नंबर सात में करीब 11 लाख रुपये की लागत से बनाए जाने वाले 35 मीटर लंबे नए बरसाती नाले के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था। अब नए बरसाती नाले की खुदाई करके उस पर लिंटर डाल दिया है। नए बरसाती नाले से गूलरभोज रोड पर स्थित वार्ड नंबर छह और सात के करीब 120 से अधिक दुकानदारों को जलभराव की समस्या से निजात मिल सकेगी। रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाने वाले सतीश बाठला और जूते की दुकान चलाने वाले प्रेम कोचर का कहना था कि बारिश के पानी से कई बार दुकानों में पानी भर जाता था। नए नाले के निर्माण से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। इलेक्ट्रिकल शॉप चलने वाले अनिल ठक्कर कहते हैं कि पालिका प्रशासन ने व्यापारी हित में बहुत अच्छा कार्य किया है। वार्ड नंबर सात के सभासद मुकेश चावला ने भी इस पर खुशी जताई है।