सितारगंज। बार एसोसिएशन की बैठक में कोषाध्यक्ष पद से शक्ति प्रताप सिंह को निष्कासित करने का निर्णय लिया गया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दयानंद सिंह और सचिव हरीश शर्मा ने प्रेस को जारी बयान में बताया है कि बीते 30 नवंबर को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से शक्ति प्रताप सिंह को कोषाध्यक्ष पद और बार एसोसिएशन की सदस्यता से निष्काषित करने का निर्णय लिया है।
अध्यक्ष और सचिव ने आरोप लगाया है कि कोषाध्यक्ष बार एसोसिएशन की नियमावली के विरुद्ध कार्य कर रहे थे। इसके चलते उन्हें सर्वसम्मति से निष्काषित किया गया है। इधर शक्ति प्रताप सिंह ने कहा कि उन्हें बार एसोसिएशन की बैठक और पारित प्रस्ताव के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मेरा पक्ष भी नहीं सुना गया है। प्रस्ताव के विरोध में न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। संवाद