रुद्रपुर। पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फर्जी वीडियो वायरल करने के मामले में राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने एसएसपी मणिकांत मिश्रा से मुलाकात कर तहरीर सौंपते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में ठुकराल ने आरोप लगाया कि 24 जुलाई को हुए पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के मतदान से पहले जिला पंचायत सदस्य पद की प्रत्याशी अमिता विश्वास के पति जगदीश विश्वास सुदर्शन ने एआई तकनीक का दुरुपयोग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कूटरचित फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमिता विश्वास के पक्ष में वोट की अपील करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के माध्यम से मतदाताओं को भ्रमित करने और चुनावी लाभ प्राप्त करने का प्रयास किया गया। पूर्व विधायक ने इसे आचार संहिता का घोर उल्लंघन, कानून विरोधी कृत्य और प्रधानमंत्री की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला बताया। ठुकराल ने एसएसपी से मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय को भी प्रेषित की गई है।