विजिलेंस हल्द्वानी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिनेशपुर थाने में तैनात एसआई अनवर अहमद को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसआई पर एक ग्रामीण से बिजली चोरी का मुकदमा समाप्त करने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप था। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और एसएसपी ने अभियुक्त एसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
विजिलेंस टीम के एक अधिकारी के अनुसार, श्रीरामपुर निवासी राजेश गोलदार ने तीन दिन पहले सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। राजेश का आरोप था कि उसके खिलाफ दिनेशपुर थाने में बिजली चोरी का मामला दर्ज हुआ था, जिसकी विवेचना एसआई अनवर अहमद कर रहे थे। एसआई ने मामला समाप्त करने के लिए उससे 15 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। मंगलवार की शाम को टीम ने एसआई को थाना कार्यालय से रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से थाने में लंबी पूछताछ की गई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक सिटी उत्तम सिंह नेगी और सीओ डीआर वर्मा थाने पहुंचे, जिनकी मौजूदगी में आगे की विधिक कार्रवाई हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने आरोपी एसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के साथ ही विभागीय जांच भी प्रारंभ कर दी है।
आरोपी एसआई का सेवा विवरण
एसआई अनवर अहमद दिनेशपुर थाने में पिछले दो साल से तैनात था। बीते वर्ष दिसंबर माह में उसकी एएसआई से एसआई के पद पर पदोन्नति हुई थी। वह थाना परिसर में सरकारी भवन में रहता था। कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीम ने उसके कमरे और रुद्रपुर प्रीत बिहार स्थित उसके निजी मकान की भी तलाशी ली।