फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंटरनेट पर कुछ भी सुरक्षित और निजी नहीं है : एसएसपी

विज्ञापन
रुद्रपुर के रेनबो पब्लिक स्कूल में बैठे बच्चे। - फोटो : RUDRAPUR
विज्ञापन
रुद्रपुर। पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, यातायात आदि विषयों पर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर जो कुछ भी साझा किया जाता है उसे सभी देख सकते है, वहां कुछ भी निजी नहीं होता है इसलिए जरूरी है कि सोशल मीडिया पर कुछ भी साझा करने से पहले काफी सोच विचार लें ताकि भविष्य में किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े। कहा कि साइबर ठगी होने पर 1930 पर कॉल करके व 94565-91505 पर वाट्सएप कर शिकायत कर सकते हैं। इस दौरान बच्चों ने एसएसपी से सवाल भी किए जिनका उन्होंने जवाब दिया।
विज्ञापन

रेनबो पब्लिक स्कूल में बुधवार सुबह 10 बजे से पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के करीब 350 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। एसएसपी ने साइबर क्राइम, नशा तस्करी, महिला सुरक्षा आदि विषयों पर विद्यार्थियों से संवाद किया। साइबर विशेषज्ञ एसआई विनोद जोशी ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से साइबर ठगी के उदाहरण प्रस्तुत किए। साइबर एक्सपर्ट मो. उस्मान ने भी ठगी आदि से बचने के लिए कई टिप्स बताए।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक संजीव मलिक ने कहा कि बच्चों को अपने कॅरिअर पर फोकस करने की जरूरत है। मोबाइल फोन और ऐसी अन्य चीजों से वह अभी दूरी बनाएं। उन्होंने कहा कि सबसे पहला लक्ष्य कामयाबी हासिल करना है। इससे पहले प्रबंध निदेशक ने एसएसपी का स्वागत किया। इस दौरान स्कूल की प्रशासक गीतांजलि मलिक, प्राचार्य पायल भारती, उप प्राचार्य संजय अग्रवाल, शिक्षक जीएस रावत, अनुपम मिश्रा, सीमा त्यागी आदि थे।
विज्ञापन

नशा करने वालों के साथ वाहन में न बैठें
रुद्रपुर। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बच्चों को यातायात के नियमों व उनके पालन करने की उपयोगिता के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों से कहा कि यदि उनके घर में कोई नशा करता है तो आप उनके साथ वाहन में न बैठे। बच्चों से कहा कि यदि वह 18 वर्ष के नहीं है तो वाहन न चलाएं। हालांकि बच्चे लर्निंग लाइसेंस लेकर इलेक्ट्रिक वाहन को चला सकते हैं।
ड्रग्स से बर्बाद हुआ एक पूरा प्रदेश
रुद्रपुर। एसएसपी ने बच्चों से नशा व ड्रग्स से दूर रहने की अपील की। उन्होंने पंजाब की तरफ इशारा करते हुए कहा कि नशे से एक पूरा प्रदेश बर्बाद हो गया। आज राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय जगत में होने वाले खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी अव्वल आते है जबकि कई वर्ष पहले तक पंजाब के खिलाड़ी सर्वश्रेष्ठ होते थे। इसका सबसे बड़ा कारण नशा है। उन्होंने बच्चों से कहा कि यदि उनके आसपास कोई ड्रग्स ले रहा है व बच्चों को भी नशा करने के लिए प्रेरित कर रहा है तो तुरंत उसकी शिकायत करें।
वास्तविक दोस्त बनाने में रखे यकीन
रुद्रपुर। एसएसपी ने सोशल मीडिया के बारे में बच्चों से कहा कि फेसबुक, इंस्टाग्राम में उनके जो भी दोस्त हैं वे सब वास्तविक रूप से दोस्त नहीं हो सकते। इसके लिए उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना के दौरान बहुत से ऐसे लोगों की मृत्यु हुई जिन्हें कोई कंधा देने वाला तक नहीं था जबकि मृतकों के सोशल मीडिया पर कई दोस्त थे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कम से कम एक्टिव रहें और वास्तविक दोस्त बनाने की कोशिश करें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के कारण सिर्फ समय की बर्बादी होती है और बाद में लोग ठगी का शिकार भी हो जाते है। एसएसपी ने कहा कि इंटरनेट में हर चीज रिकॉर्डेड है इसलिए सोशल प्लेटफार्म में वही शेयर करें जो आप अपने परिवार के बीच शेयर कर सकें।
विज्ञापन

साइबर ठगी से बचने के लिए नियम
- एनीडेस्क एप, फिट सपोर्ट एप, टीम व्यूअर एप का न करें इस्तेमाल।
- अल्फाबेट व न्यूूमेरिक नंबर के साथ मिक्स कर बनाएं पासवर्ड।
- ऑनलाइन लोन लेने से बचे।
- ऑनलाइन गेमों न लगाएं रुपये।
- सोशल मीडिया अकाउंट पर लगाएं प्राइवेसी।
- अंजान की वीडियो कॉल न एक्सेप्ट करें।
- किसी एप के कस्टमर केयर नंबर के लिए गूगल का इस्तेमाल न करें।
- अपना पासवर्ड किसी के साथ न करें साझा।
बच्चों ने पूछे सवाल, एसएसपी ने दिए जवाब
सवाल - क्या आप अग्निपथ भर्ती को सपोर्ट करते हैं? - उमेश बिष्ट, कक्षा-11
उत्तर - अमेरिका व इसराइल देश की मिलिट्री भी इस तरह भर्ती करती है। इससे हर देशवासी में राष्ट्र की भावना जागृत होती है। - एसएसपी
सवाल - लड़ाई के बारे में आपकी क्या राय है? - आदित्य चौधरी, कक्षा-10
उत्तर - लड़ाई पहले गोली, बंदूक से होती थी, अब तो इलेक्ट्रोमैग्नेटिक स्पेक्ट्रम में लड़ाइयां हो रही है। - एसएसपी
सवाल - सजा क्यों दी जाती है? - वान्या चौहान, कक्षा-11
उत्तर - कानून व नियमों को तोड़ने पर सजाएं दी जाती हैं ताकि लोगों को सबक मिले और वे गलत कार्य करने से बचें। - एसएसपी
सवाल - ड्रग्स लेने वाले खिलाड़ियों की कहां शिकायत की जाए? अंकित यादव, कक्षा - 10
उत्तर - इसके लिए नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी, वर्ल्ड एंटी डोपिंग एजेंसी में शिकायत की जा सकती है। - एसएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें