रुद्रपुर। पुलिस ने स्मैक बेचने आए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। रंपुरा चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार टीम के साथ मंगलवार की रात रामपुर रोड से गश्त करते हुए इंदिरा चाक आ रहे थे। राज्य कर विभाग की चौकी के पास एक युवक उनको देखकर पीछे मुड़ा और निर्माणाधीन मंडी की ओर भागने लगा। टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 120 रुपये, मोबाइल और 4.88 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उसने अपना नाम राजू सिंह निवासी गुरुद्वारा वाली गली वार्ड नंबर दो, लालपुर, किच्छा बताया। कहा कि वह रुपये कमाने के लालच में स्मैक बेचने का काम करता है। वह पकड़े जाने के डर से भाग रहा था। पुलिस टीम स्मैक जब्त कर उसे कोतवाली ले आई। बृहस्पतिवार को उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।