रुद्रपुर। रंपुरा में सड़क हादसे में घायल हुई विवाहिता की मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम के ही शव को अंतिम संस्कार करने के लिए श्मशान घाट ले गए। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रंपुरा निवासी गीता (25) का विवाह कुछ समय पहले किच्छा में डब्बू कोली के साथ हुआ था। वह इन दिनों मायके में थी। रविवार रात करीब नौ बजे वह किच्छा हाईवे से घर की ओर जा रही थी। रंपुरा चौकी मोड़ के पास वह एक टेंपो की टक्कर से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने मौके पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एंबुलेंस से घायल महिला को जिला अस्पताल भिजवाया।
इधर टेंपो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। सोमवार दोपहर को इलाज के दौरान घायल ने दम तोड़ दिया। परिजन अंतिम संस्कार करने के लिए उसे श्मशान घाट ले गए। इसके बाद पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
सीओ सिटी अनुषा बडोला ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से विवाहिता की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।