रुद्रपुर। खेल गतिविधियों का बढ़ावा देने के लिए ऊधमसिंह नगर के 11 इंटर कॉलेजों में खेल मैदान और ओपन जिम बनाए जाएंगे। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने इसकी तैयारियां शुरू कर ली हैं। रुद्रपुर, काशीपुर, जसपुर, किच्छा, सितारगंज, दिनेशपुर, बाजपुर, गदरपुर, नानकमत्ता के राजकीय इंटर कॉलेज तथा रुद्रपुर व काशीपुर के राबाइंका में खेल मैदान और ओपन जिम बनेंगे। जिला युवा कल्याण अधिकारी भूपेंद्र सिंह रावत ने बताया कि स्कूलों की भूमि नि:शुल्क हस्तांतरित कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एक सप्ताह के भीतर प्रस्ताव मिलने पर शासन को भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार युवाओं को खेल की आधुनिक सुविधा देने व फिट रहने के लिए मैदान व जिम बनाने जा रही है। ताकि बच्चों का पढ़ाई के साथ शारीरिक और मानसिक विकास भी हो सकें।