रुद्रपुर। शादी समारोह में खींचे गए फोटो को देने में देरी हो जाने पर सुभाष कालोनी निवासी विजय सागर के साथ लोगों ने मारपीट कर दी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। विजय का कहना है कि वह कई सालों से फोटोग्राफी का काम करता है। एक शादी में वर-वधु दोनों पक्षों से उसको फोटोग्राफी का काम मिला था। उसने दोनों पक्षों को पेन ड्राइव में सारा डाटा दे दिया था। शादी की एलबम देने में देरी होने पर आदर्श इंद्रा बंगाली कॉलोनी निवासी लड़की के भाई ने उसे पिटवाने के लिए अपने दोस्त को उसका फोन नंबर दे दिया। आरोपी का दोस्त फोन पर उसके साथ गाली-गलौज करने लगा और उसे मिलने के लिए धमकाने लगा। वह इंडियन गैस एजेंसी के सामने पहुंचा तो वहां मौजूद 10 से 12 लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली। पुलिस को देखते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि तहरीर की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।