खटीमा। त्रिस्तरीय शिक्षक व्यवस्था के अंतर्गत जूनियर हाईस्कूल संवर्ग के विलय संबंधी प्रस्ताव का राजकीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने विरोध किया है। इसको लेकर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री को पत्र भेजा है। शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष कुंवर सिंह पाल ने कहा कि जूनियर हाईस्कूलों के सहायक अध्यापकों और प्रधानाध्यापकों को प्रधानाध्यापक प्राथमिक स्कूल व वरिष्ठ प्रधानाध्यापकों को प्राथमिक स्कूल में समायोजित कर पीआरटी संवर्ग के अंतर्गत रखा जाना हास्यास्पद है। आगे आने वाले वेतन आयोग में अध्यापकों को खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि ड्राफ्ट में वर्णित है कि जूनियर हाईस्कूल के सहायक अध्यापक व प्रधानाध्यापक के माध्यमिक शिक्षा में समायोजन के बाद उनका संवर्ग मंडलीय व राज्य स्तर का हो जाएगा। ऐसे में उनको वरिष्ठता का लाभ नहीं दिया जाएगा। संवाद