काशीपुर। श्री राधेहरि धर्मार्थ आयुर्वेदिक औषधालय में पिछले वर्षों की तरह इस बार भी शरद पूर्णिमा की रात में तैयार औषधीय गुणों से युक्त खीर का वितरण पूजा-अर्चना के साथ किया गया। मुख्य बाजार स्थित औषधालय में सांस के रोगियों की भीड़ लगी रही। क्षेत्र के साथ दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लोग पहुंचे। औषधालय के वैद्य डाॅ. राकेश उपाध्याय ने बताया कि शरद पूर्णिमा की अर्धरात्रि में चंद्रमा की किरणों के बीच तैयार औषधीय खीर मंत्रोच्चार के साथ मां लक्ष्मी और चंद्रदेव का भोग लगाने के बाद वितरित की जाती है। उन्होंने कहा कि औषधीय गुणों से युक्त खीर श्वांस संबंधी सभी बीमारियों में लाभकारी होती है। वहां औषधालय मंत्री अधिवक्ता संजीव शर्मा, उप मंत्री कौशलेश गुप्ता, विपिन कुमार, दीपक कुमार, सर्वेश अग्रवाल, डॉ. सतीश कुमार, मनोज विश्नोई आदि थे। संवाद