जहरखुरानी गिरोह का शिकार यात्री विंदेश्वर तिवारी
- फोटो : KHATIMA
खटीमा। दिल्ली से किच्छा के लिए बस से आ रहे एक यात्री को जहरखुरानों ने अपना शिकार बना लिया। पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चीता पुलिस को बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि पहेनिया चौराहा टोल टैक्स के पास एक व्यक्ति अर्द्ध बेहोशी की हालत में पड़ा है। 108 सेवा के माध्यम से उसे सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। अर्द्ध बेहोशी की हालत में पीड़ित ने बताया कि उसका नाम विंदेश्वर तिवारी है और वह मूलरूप से यूपी के जिला बस्ती, बड़कुटिया, पथरा उदयकर (थाना तैकुलिया) और हाल निवासी बल्लभगढ़ (हरियाणा) का है। बताया कि वह बुधवार रात करीब 10:30 बजे आनंद विहार बस अड्डे से रोडवेज बस से किच्छा आ रहा था। बस में पास की सीट पर बैठे दो लोगों ने उससे नजदीकी बढ़ाकर गजरौला से पहले एक ढाबे पर चाय पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। उसकी जेब से 17-18 सौ रुपये की नकदी गायब है। बताया कि वह इंद्रलोक स्थित दिल्ली रावल एसिड कंपनी टैंकर का चालक है, जो 28 जनवरी को वह किच्छा में टैंकर खड़ा कर किसी काम से घर गया था। वह टैंकर लेने किच्छा आ रहा था कि वारदात हो गई। इधर, चीता पुलिस ने बताया कि पीड़ित के पास से बैग, मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस आदि सुरक्षित मिले हैं, फोन कर परिजनों का सूचना दे दी है। इधर, कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि जांच की जा रही है।