पीड़ित पक्ष ने एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर लगाई न्याय की गुहार
- चौकी प्रभारी ने आरोपों को नकारा, एसएसपी ने मामले में जानकारी जुटाने की कही बात
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। आवास विकास चौकी प्रभारी पर एक गर्भवती महिला और उसकी भाभी को पीटकर घायल करने का आरोप है। घायल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोप है कि मुखबिर के इशारे पर चौकी प्रभारी ने मारपीट की है। मामले में आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। चौकी प्रभारी ने आरोपों को नकारा है।
बुधवार को अरविंद नगर ट्रांजिट कैंप निवासी मोंटू राय ने कईं लोगों के साथ एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र सौंपा। पत्र में बताया कि मंगलवार को उसकी बड़ी बहू घर से लड़ झगड़कर मायके चली गई और डेढ़ माह बेटे को ससुराल में छोड़ गई। कुछ देर बाद आवास विकास चौकी प्रभारी नीमा बोरा का उनके घर में फोन गया कि बेटे को चौकी में छोड़ जाओ। इस पर उसकी छोटी बहू ममता और गर्भवती बेटी पूजा बच्चे को लेकर आवास विकास पुलिस चौकी पहुंची। आरोप है कि वहां चौकी प्रभारी ने बच्चे को लेने के बाद दोनों ननद-भाभी को बंद कर लिया और पीटकर घायल कर दिया। दोनों को देर शाम को बेहोशी की हालत में छोड़ा। घायल बहू का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आरोप है कि चौकी प्रभारी ने अपने मुखबिर के इशारे पर मारपीट की है, जो कि पहली बहू का पिता है। उन्हें झूठे केस में फंसाने की भी धमकी दी जा रही है। मोंटू का कहना है कि उसने मामले कि शिकायत ट्रांजिट कैंप थाने में की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मामले में चौकी प्रभारी नीमा बोरा का कहना है कि उनपर योजनाबद्ध तरीके से आरोप लगाया गया है। जबकि मारपीट ननद-भाभी के साथ कोई मारपीट नहीं हुई।
-
प्रकरण के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसएसपी