रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह डिग्री कॉलेज में जहां एक तरफ स्नातक प्रथम सेमेस्टर में सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए सभी फुल हो चुकी हैं। वहीं ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित करीब 196 सीटें रिक्त पड़ी हुई हैं। अभी तक ईडब्ल्यूएस में सिर्फ 10 छात्र-छात्राओं के एडमिशन हो सके हैं।
रुद्रपुर डिग्री कॉलेज में बीए, बीकॉम व बीएससी के प्रथम सेमेस्टर की सीटें फुल होने के कारण प्रवेश बंद हो चुके हैं। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने बीकॉम द्वितीय व तृतीय वर्ष और बीए द्वितीय वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्नातक प्रथम सेमेस्टर में सीटें बढ़ाने के लिए छात्र संगठन लगातार मांग कर रहे हैं। इधर स्नातक प्रथम सेमेस्टर में अभी भी ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षित सीटें रिक्त हैं।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि ईडब्ल्यूएस के लिए आरक्षित सीटों पर अन्य वर्ग के छात्र-छात्राओं के प्रवेश नहीं हो सकते हैं जिस कारण यह सीटें फिलहाल रिक्त हैं। कॉलेज के परीक्षा प्रभारी डॉ. मनोज पांडेय कहते हैं कि ईडब्ल्यूएस के लिए बीए में करीब 134, बीकॉम में 40 व बीएससी में लगभग 32 सीटें रिक्त हैं। अभी तक ईडब्ल्यूएस वर्ग में सिर्फ 10 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिए हैं। इसके साथ ही रुद्रपुर कॉलेज बीए में द्वितीय वर्ष और बीकॉम में द्वितीय व तृतीय वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संवाद