खटीमा का रहने वाला है आरोपी
एसटीएफ ने सितारगंज से पकड़ा
ललितपुर में पकड़े गए थे गिरोह के चार सदस्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सितारगंज/खटीमा। नकली नोट बनाने वाले गिरोह के सरगना को उत्तराखंड एसटीएफ ने सितारगंज से गिरफ्तार कर लिया है। यूपी पुलिस उसे अपने साथ ले गई है। वह खटीमा का रहने वाला है।
18 अगस्त को थाना सैंजना (यूपी) पुलिस ने नकली नोट की तस्करी में लिप्त चार आरोपियों को पकड़ा था। उनसे 98000 के नकली नोट मिले थे। उन्होंने पुलिस को बताया था कि वे ऊधमसिंह नगर जिले से नकली नोट लाकर ललितपुर और आसपास के जिलों में खपाते हैं। इस पर यूपी पुलिस ने उत्तराखंड एसटीएफ से इनपुट साझा किए।
एसटीएफ के एसएसपी आयुष अग्रवाल के निर्देश पर मंगलवार देर रात टीम ने यूपी पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया और ग्राम बनगवां थाना खटीमा निवासी कृपाल सिंह को सितारगंज से गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ में गैंग के और सदस्यों के नेटवर्क का पता चला है। टीम में एसटीएफ निरीक्षक एमपी सिंह भी शामिल थे।