काशीपुर। लोहा व्यापारी की दुकान से चोर गल्ला तोड़कर उसमें रखी लाखों की नकदी समेत अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
रेलवे स्टेशन रोड पर मैसर्स विशंभर सरन विनोद कुमार (बाबू लोहे वाले) के नाम से दुकान है। बीती रात चोर दुकान के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसे। चोर दुकान के ऑफिस में गल्ला तोड़कर उसमें रखे लगभग डेढ़ लाख रुपये, 20 किलो पीतल का सामान, सीसीटीवी, डीवीआर चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह लगभग आठ बजे जब दुकान स्वामी निकुंज अग्रवाल अपने प्रतिष्ठान पर पहुंचे और दुकान खोली तो देखा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा हुआ था। ऑफिस का गल्ला टूटा हुआ था और उसमें रखे लगभग डेढ़ लाख रुपये गायब थे।
उन्होंने घटना की सूचना एसपी अभय सिंह को दी। सूचना मिलने पर एसपी व एसएसआई सतीश कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। इस दौरान दुकान स्वामी ने बताया इससे पहले भी इस मार्ग पर होटल व स्कूल में चोरी हो चुकी है। वहीं पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है।