रुद्रपुर। देर रात सिडकुल की ओबीटी कंपनी के बॉयलर में आग लग गई और कुछ ही देर में लपटें भी उठने लगीं। सूचना पर दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि अभी आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ।
शनिवार रात करीब नौ बजे नैनीताल हाईवे के पास ओबीटी कंपनी के बॉयलर में अचानक आग लग गई। इसी दौरान प्लांट चल रहा था और वहां कई श्रमिक काम कर रहे थे लेकिन उन्होंने सूझबूझ से अपने को अलग किया जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।
सूचना पर पंतनगर फायर स्टेशन की टीम ने पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तेज लपटें होने की वजह से बजाज कंपनी से भी एक दमकल वाहन बुलाना पड़ा। इसके बाद सभी ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद भी बॉयलर से धुआं निकलता रहा। फायर स्टेशन इंचार्ज महेंद्र बिष्ट का कहना है कि आग लगने के कारण की जांच की जा रही है।