काशीपुर। युवक ने एक युवती के फोटो एडिट करके वायरल कर दिए और युवती की भावी ससुराल वालों को भी भेज दिए। जिससे उसकी शादी टूट गई। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। युवती के पिता का कहना है कि बेटी गहरे सदमे में है।
मोहल्ला अल्ली खां निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उसने अपनी पुत्री की शादी 14 मार्च 2023 को मोहल्ला थाना साबिक मंझरा निवासी एक युवक के साथ तय की है और शादी के कार्ड छपवाकर रिश्तेदारों में बांट दिए हैं। 5 मार्च 2023 की रात को रामनगर नैनीताल निवासी इसराफिल नाम के एक व्यक्ति ने लोकलज्जा भंग करने के आशय से उसकी पुत्री के आपत्तिजनक फोटो एडिट करके बेटी की उसकी ससुराल और अन्य लोगों को मोबाइल के जरिये भेज दिए। जिससे उसकी पुत्री की शादी टूट गई है और पूरी बिरादरी में बदनामी हो रही है। इससे उसका परिवार मानसिक रूप से बहुत परेशान है। शादी की तैयारियों में बहुत पैसा खर्च हो गया है और शादी की सभी तैयारी पूरी हो गईं थीं। पीड़ित ने कहा कि इससे पूर्व भी आरोपी इसराफिल ने उसकी पुत्री के कई रिश्ते तुड़वा दिए और भविष्य में भी कहीं शादी न होने देने की धमकी दी है। आरोपी ने उसकी पुत्री का जीवन बर्बाद कर दिया। उसकी पुत्री काफी सदमे में है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 309 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।