रुद्रपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा की अब तराई में कोई बड़ी रैली की संभावना नहीं बन पा रही है। भाजपा रुद्रपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली कराकर उत्साहित है, वहीं कांग्रेस की ओर से रैली कराने की कोशिशें अब तक परवान नहीं चढ़ सकी हैं। बसपा की ओर से पहले ही लोकसभा में किसी राष्ट्रीय नेता की रैली से इनकार किया जा चुका है।
लोकसभा चुनाव को लेकर रैलियों के जरिए मतदाताओं के बीच पार्टियां माहौल बनाती हैं। इसी क्रम में भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली कराकर तराई के साथ ही अल्मोड़ा लोकसभा सीट को साधने की कोशिश की गई है। सीएम खुद प्रचार का जिम्मा संभाले हुए हैं और लगातार रैली व जनसभाएं कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से विधानसभाओं में नुक्कड़ सभाएं और रोड शो किए जा रहे हैं और कार्यकर्ता जनसंपर्क भी जुटे हैं।
इन सबके बावजूद अभी तक कांग्र्रेस की ओर से किसी राष्ट्रीय नेता की तराई में रैली का कार्यक्रम तय नहीं हो सका है। जिला कांग्रेस कमेटी की कोशिश प्रियंका या राहुल की रैली कराने की थी, लेकिन तराई के लिए दोनों नेताओं का समय फिलहाल तक नहीं मिल सका है। इसको लेकर अंदरखाने कार्यकर्ताओं में थोड़ी मायूसी जरूर है। संवाद
कोट
तराई में किसी राष्ट्रीय नेता की रैली तय नहीं हो सकी है। लेकिन कार्यकर्ताओं में पूरा जोश है और प्रत्याशी का प्रचार पूरी ताकत से किया जा रहा है। - हिमांशु गाबा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष
मनोज तिवारी और शांतनु ठाकुर को प्रचार में आना है लेकिन कार्यक्रम तय नहीं है। शांतनु शक्तिफार्म व दिनेशपुर, जबकि मनोज तिवारी किच्छा व रुद्रपुर आएंगे। - कमल जिंदल, भाजपा जिलाध्यक्ष