रुद्रपुर डिग्री कॉलेज में मेरिट लिस्ट देखतीं छात्राएं।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत पहली बार शुरू होने जा रही पढ़ाई के लिए सरदार भगत सिंह डिग्री कॉलेज के विद्यार्थी बेहद उत्साहित हैं। बुधवार को कॉलेज में नई शिक्षा नीति के तहत प्रवेश लेने के लिए सैकड़ों विद्यार्थी पहुंचे। नई शिक्षा नीति को लेकर छात्र-छात्राओं को विषयों की जानकारी के देने के लिए कॉलेज प्रशासन की ओर से काउंसलर नियुक्त कर दिए गए हैं।
प्राचार्य डॉ. कमल किशोर पांडेय ने बताया कि स्नातक स्तर पर अब तक तीन विषय पढ़ाए जाते थे लेकिन इस वर्ष से लागू होने जा रही नई शिक्षा नीति के तहत अब छह विषय पढ़ाए जाएंगे। तीनों संकायों बीए, बीकॉम व बीएससी में दो प्रमुख विषय होंगे जबकि तीसरे विषय के रूप में विद्यार्थी दूसरे संकाय से अपना कोई भी पसंदीदा विषय चुन सकते हैं। जैसे यदि कोई बीएससी की छात्रा है तो वह फिजिक्स व केमिस्ट्री के साथ बीए का विषय इतिहास चुन सकता है।
इसी तरह चौथे विषय (इलेक्टिव) के रूप में एक विषय उस संकाय से लिया जाएगा, जिस संकाय से तीसरे विषय का चुनाव नहीं किया गया है। विद्यार्थियों को पांचवें विषय के रूप में कौशल विकास कोर्स (स्किल डेवलपमेंट कोर्स) व छठे विषय के रूप में कम्यूनिकेशन स्किल लेना होगा। प्राचार्य डॉ. पांडेय ने बताया कि यदि विद्यार्थियों को किन्हीं कारणों से बीच में ही दो सेमेस्टर के बाद पढ़ाई छोड़नी भी पढ़ती है तो उन्हें एक साल का सर्टिफिकेट मिलेगा।
इसी तरह चार सेमेस्टर के बाद पढ़ाई छोड़ने पर डिप्लोमा मिलेगा और तीन साल की पढ़ाई पूरी करने के बाद डिग्री मिलेगी। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं को नई शिक्षा नीति के अनुसार विषयों की जानकारी के देने के लिए वरिष्ठ प्राध्यापकों को काउंसलर के रूप में नियुक्त किया गया है जो उन्हें विषयों के बारे में विस्तृत जानकारी दे रहे हैं।
डॉ. मनोज पांडेय बने परीक्षा प्रभारी
रुद्रपुर। एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मनोज पांडेय को सरदार भगत सिंह डिग्री कॉलेज का नया परीक्षा प्रभारी बनाया गया है। इससे पूर्व परीक्षा प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पीएन तिवारी का राजकीय डिग्री कॉलेज चंपावत स्थानांतरण हो गया है। परीक्षा प्रभारी का पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. पांडेय ने कहा कि रुद्रपुर कॉलेज में सभी परीक्षाएं पारदर्शिता के साथ आयोजित की जाएंगी। संवाद