रुद्रपुर के सिंह कॉलोनी की चर्च रोड पर कार के नीचे कपड़े में लिपटी मिली नवजात बच्ची आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई। तीन दिन तक उपचार के बाद सोमवार को बच्ची की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी में उपचार के दौरान पीलिया के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई थी।
उधर, मामले में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर बच्ची को छोड़ने के मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। शनिवार शाम चर्च के सामने खड़ी कार के नीचे नवजात बच्ची मिली थी। उसके बाएं हाथ में कैन्युला और नाभि में क्लिप लगी हुई थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया था।
बच्ची की मौत से मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। पुलिस की जांच अब बच्ची को वहां छोड़ने की परिस्थितियों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका पर केंद्रित है।