गुरुपद विश्वास मेमोरियल अंतरराज्यीय फुटबॉल प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में रामनगर को 5-1 से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
दिनेशपुर। पवित्र यंग क्लब और नगर खेल समिति की ओर से आयोजित गुरुपद विश्वास मेमोरियल अंतरराज्यीय फुटबॉल प्रतियोगिता (दिनशपुर कप) के पहले सेमी फाइनल में महेंद्रनगर नेपाल ने जॉबी एफए रामनगर की टीम को 5-1 से पराजित फाइनल में जगह बना ली। शानदार प्रदर्शन पर नेपाल के कुशाल मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए।
शहीद खुदीराम बोस स्टेडियम में मंगलवार देर शाम फ्लड लाइट की रोशनी में खेले गए सेमीफाइनल मैच के शुरू में दोनों ही टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक दूसरे के बारपोस्ट पर कई हमले किए। 12वें मिनट में नेपाल के कुशाल ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। मध्यांतर से पहले 30वें मिनट में धीरेंद्र ने दूसरा और 36वें मिनट में कुशाल ने तीसरा गोल कर टीम का स्कोर 3-0 कर दिया।
मध्यांतर के बाद रामनगर के नानू ने एक गोल कर मैच में वापसी का प्रयास किया लेकिन इसके तुरंत बाद नेपाल के स्ट्राइकर कुशाल ने एक फ्री किक को गोल में बदलकर स्कोर 4-1 कर रामनगर के मंसूबे पर पानी फेर दिया। अंतिम क्षणों में नेपाल के किशन ने एक गोल और कर 5-1 से जीत दर्ज करके फाइनल में जगह बना ली। तीन गोल करने पर नेपाल के कुशाल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
इससे पहले चेयरपर्सन सीमा सरकार के नेतृत्व में नगर पंचायत बोर्ड के सभी सभासदों के साथ हल्द्वानी के रेंजर तपन सरकार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके उन्हें शुभकामनाएं दी। मैच में भूपाल नेगी सेंटर रेफरी और आनंद देव व आशिष डे उनके सहायक थे। वहां सभासद सुकुमार सरकार, प्रजीत मंडल, सुनीला मिस्त्री, सत्यजीत विश्वास, गोविंद मंडल, महेंद्र नगर नेपाल के मेयर किशोर कुमार लिंबू, हिमांशु सरकार, अरुण विश्वास आदि थे।