पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश की स्मृति में हुई कुश्ती में पहलवानों ने दिखाया दमखम
शक्तिफार्म। यूपी सरकार में मंत्री रहे ठाकुर प्रेम प्रकाश सिंह की पुण्यतिथि पर शनिवार को आयोजित दंगल में पहलवानों ने जोर आजमाइश की। 57 किलो भार वर्ग की फ्रीस्टाइल कुश्ती में मथुरा की नीलम और गोरखपुर के सत्येंद्र यादव ने स्वर्ण पदक जीते।
एक निजी कॉलेज परिसर में दंगल प्रतियोगिता हुई जिसमें कुश्ती संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व कासगंज से सांसद बृजभूषण शरण सिंह, यूपी कुश्ती संगठन के अध्यक्ष करण भूषण सिंह और उत्तराखंड कुश्ती संगठन के महासचिव डॉ. एसपी देशवाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
दंगल में मथुरा, मेरठ, आजमगढ़, गोरखपुर, चंदौसी, कानपुर, वाराणसी, रेलवे, बागपत, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद आदि स्थानों से महिला और पुरुष पहलवानों ने दमखम दिखाया।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि कुश्ती देश के प्राचीनतम खेलों में से एक है। आज युवा ओलंपिक, एशियन जैसे बड़े खेलों में कुश्ती में पदक जीतकर देश का परचम लहरा रहे है। उन्होंने बताया कि आज की कुश्ती में भाग लेने वाले पहलवान विदेशी धरती पर भी अपना दम दिखा चुके है।
दंगल के आयोजक शिववर्धन सिंह, राज्यवर्धन सिंह और शक्तिवर्धन सिंह ने कहा कि उनके पिता प्रेमप्रकाश सिंह कुश्ती को बहुत महत्व देते थे। कहा कि यह दंगल उनको श्रद्धांजलि देने और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने के लिए है। वहां पर करन जंग, हरपाल सिंह, करनैल सिंह, श्यामानन्द सिंह, हरीश दुबे, मोनू त्रिपाठी, लक्खा सिंह, शमशूलहक मलिक, मनोज दास आदि थे।
यह रहे विजेता
शक्तिफार्म। महिला फ्रीस्टाइल वर्ग के 57 किलो भार वर्ग में मथुरा की नीलम ने प्रथम, आजमगढ़ की प्रिया चौहान ने द्वितीय, स्वाति और दिव्या तोमर ने तृतीय स्थान पाया। 62 किलो भार वर्ग में मेरठ की लिजा तोमर ने प्रथम, आजमगढ़ की सेजल मौर्य ने द्वितीय, पुष्पा और पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 68 किलो भार वर्ग में मथुरा की लक्ष्मी पांडे ने प्रथम, मेरठ की वंशिका ने द्वितीय, स्वाति शर्मा और जीविषा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पुरुष फ्रीस्टाइल वर्ग के 57 किलो भार वर्ग में सत्येंद्र यादव ने प्रथम और कपिल ने द्वितीय, 65 किलो भार वर्ग में मनीष तिवारी और मयंक चौधरी, 74 किलो भार वर्ग में शुभम और मंगल, 86 किलो भार वर्ग में अर्जुन सिंह और बॉबी मिस्रा, 97 किलो भार वर्ग से अधिक भर वर्ग में अभिषेक खोखर और भीम यादव ने प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मेडल और नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।