काशीपुर। गंगा को स्वच्छ रखने के लिए नमामि गंगे योजना चलाई जा रही है। इसके तहत गंगा की सहायक नदियों में मिलने वाले गंदे नालों के पानी को साफ किया जा रहा है। इसके लिए ऊधमसिंह नगर जिले में आठ नालों पर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण प्रस्तावित है लेकिन इसके लिए काशीपुर में केवल धोबीघाट और जसपुर खुर्द में दो जगह ही जमीन र्िमली है। इन दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है लेकिन शेष छह स्थानों पर भूमि तक नहीं मिल सकी है।
जिले में इस योजना की कार्यदायी संस्था जल निगम रुद्रपुर है। इस संस्था के जेई उमेश जोशी ने बताया कि काशीपुर में ढेला नदी किनारे धोबीघाट पर और जसपुर खुर्द की बहल्ला नदी में यह प्लांट बनाने का कार्य शुरू हो गया है। इनसे ढेला नदी पर मिलने वाले गेबिया नाले समेत लक्ष्मीपुर माइनर के पानी को भी साफ किया जाएगा।
हेमपुर स्माइल, बैलजुड़ी, गुलड़िया नाले समेत बाजपुर, किच्छा, सितारगंज नाले पर भी यह प्लांट लगने हैं लेकिन इन स्थानों पर भूखंड नहीं मिल रहे हैं। बैलजुड़ी, गुलड़िया, बाजपुर, किच्छा, सितारगंज के नालों पर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। इन स्थानों पर प्लांट लगाने के लिए भूमि खरीदने का प्रस्ताव नमामि गंगे योजना मुख्यालय को भेजा गया है।