धान के सीजन के बीच मंगलवार सुबह रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय मुंशी की मौत हो गई। तीन पानी डैम के पास हुंडई नेक्सा शोरूम के सामने पीछे से आई धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रामकिशोर गंगवार सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके ऊपर से गुजर गई।
दूधिया नगर वार्ड 13, गली नंबर तीन निवासी रामकिशोर गंगवार पुत्र डालचंद गंगवार मूल रूप से मिलक, रामपुर के रहने वाले थे। मंगलवार सुबह करीब 10:15 बजे वह बाइक से जा रहे थे। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामकिशोर पिछले 15-20 वर्षों से भगवती एंटरप्राइजेज में मुंशी का काम कर रहे थे। गल्ला मंडी आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश गिग्गा ने हादसे की जानकारी दी। मृतक के भाई ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।