खटीमा। नगर पालिका के ईओ ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपकर दो लोगों पर घर में घुसकर जान माल की धमकी देने का आरोप लगाया है। बृहस्पतिवार को कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में ईओ धर्मानन्द शर्मा ने कहा है कि वह वार्ड संख्या 20 में किराए के भवन में रहते हैं। बृहस्पतिवार की सुबह 6 बजे से नगर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। करीब 7 बजे अपने आवास पर वापस आए। आरोप लगाया कि सुबह करीब 8.15 बजे एक व्यक्ति जबरन उनके कमरे में घुस आया। आरोपी ने कूड़ा ठेके के अनुबंध को लेकर धमकी दी। उसके द्वारा इस काम के लिए कार्यालय में आने व मना करने पर जानमाल की धमकी दी। बाहर आया तो आरोपी ने दस हजार रुपये के नोट गेट पर फेंकते हुए फर्जी मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी। उसके साथ एक अन्य आरोपी पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है। तथा उनके साथ एक और अज्ञात के होने की बात कही है। पुलिस से करवाई व सुरक्षा की गुहार लगाई है। ईओ ने बताया कि कोतवाली में तहरीर दे दी है। देर शाम तक कार्रवाई की जानकारी नहीं मिल पाई।