जिले में पहली पाली में 7695 अभ्यर्थियों ने तो दूसरी पारी में 7651 ने दी परीक्षा
रुद्रपुर। लोक सेवा आयोग की ओर से अधिशासी अधिकारी, कर और राजस्व निरीक्षक भर्ती परीक्षा जिले के 27 परीक्षा केंद्रों में दो पाली में आयोजित की गई। इसमें 11 हजार 323 में से पहली पाली में 7695 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं, दूसरी पाली में 7651 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। पहली पाली के 44 अभ्यर्थी दूसरी पाली की परीक्षा में नहीं बैठे।
रविवार को नगर निगम क्षेत्र रुद्रपुर में 19 केंद्रों पर परीक्षा हुई। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने खटीमा में तीन सेक्टर मजिस्ट्रेट व नगर निगम रुद्रपुर में सात सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए थे।
परीक्षा की पहली पाली सुबह नौ से 11 बजे तक हुई इसमें 4420 महिलाएं और 6903 पुरुष अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी। इसमें से सिर्फ 3068 महिलाएं और 4627 पुरुष अभ्यर्थी उपस्थित रहे जबकि 1352 महिलाएं व 2276 पुरुष अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 3050 महिलाएं और 4601 पुरुष अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 1370 महिला व 2302 पुरुष अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। नोडल अधिकारी एडीएम जयभारत सिंह ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
खटीमा में आठ केंद्रों पर हुई परीक्षा
खटीमा। अधिशासी अधिकारी एवं कर व राजस्व निरीक्षक की परीक्षा रविवार को दो पालियों में आठ परीक्षा केंद्रों पर हुई। पहली पाली में 2472 युवा परीक्षा में बैठे जबकि 925 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 2469 ने परीक्षा दी और 978 अनुपस्थित रहे। बीईओ तरुण कुमार पंत ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। संवाद