20 से अधिक लोगों ने युवक पर तलवार व तमंचे की बट से जानलेवा हमला
पुलिस ने पीड़ित के दोस्त की तहरीर पर 20-25 अज्ञात पर दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। काशीपुर हाईवे पर दो भाइयों ने रुपयों के लेनदेन को लेकर करीब 20 साथियों के साथ मिलकर एक युवक पर तलवार और तमंचे की बट से जानलेवा हमला कर दिया। कोतवाली पुलिस ने दो नामजद सहित 20-25 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नई दिल्ली निवासी विक्रम कुमार ने पुलिस को सौंपी तहरीर में आरोप लगाया कि उसका दोस्त हिमांशु पाठक आदर्श कॉलोनी में रहता है। उसका और हिमांशु का आदर्श कॉलोनी निवासी दो भाई गौरव व साहिल सिंह से रुपयों का लेनदेेन है। 13 फरवरी को दोनों भाइयों ने उसे और उसके दोस्त को रुपये देने के लिए काशीपुर हाईवे किनारे स्थित एक सिनेमा घर के पास बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही गौरव ने अपने 20-25 साथियों के साथ हिमांशु पर हमला कर दिया। उसे तलवार और तमंचे की बट से पीटकर बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपी फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गए। एंबुलेंस के माध्यम से घायल को शहर के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। कोतवाल विक्रम राठौर का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
-
रंजिश में ट्रांसपोर्टर पर जानलेवा हमला
- आरोपी दूसरे ट्रांसपोर्टर के साथ शामिल थे उसके तीन साथी, केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। फुलसुंगा में काम की रंजिश को लेकर एक ट्रांसपोर्टर ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर दूसरे ट्रांसपोर्टर पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फुलसुंगा निवासी संदीप सिंह ने तहरीर में बताया कि वह गाजियाबाद पंजाब रोड लाइन नाम से एक ट्रांसपोर्ट चलाता है। आरोप है कि जगदंबा ट्रांसपोर्ट का मालिक अरविंदर काम को लेकर उससे रंजिश रखता है। वह पहले भी कई बार उसे ट्रांसपोर्ट बंद कर के वहां से भागने की धमकी दे चुका है। 20 फरवरी की रात को अरविंदर उसे फोन पर गाली गलौज करने लगा। आरोप है कि कुछ देर बाद अरविंदर अपने साथी कुलवंत सिंह, मनमोहन बल और नवजोत जधौल को लेकर उसके कार्यालय पहुंच गया। वहां गाली गलौज करते हुए उसने संदीप पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। ट्रांजिट कैंप पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।