फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: जलभराव के जख्म से जनता का दर्द बढ़ा

Sun, 09 Jul 2023 01:15 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
काशीपुर के महुआखेड़ा गंज-बरखेड़ा पांडे की क्षतिग्रस्त सड़क। संवाद
विज्ञापन
रुद्रपुर। तीन दिन से हो रही बारिश का सिलसिला शनिवार को थमा जरूर मगर जलभराव की परेशानी कम नहीं हुई। जिले में कई जगह जलभराव ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। नहरें चोक हो रही हैं। गूलरभोज में वार्ड छह और उससे सटे कोपा लाल सिंह गांव में पानी की निकासी न होने से जलभराव हो गया है। देर रात बैगुल नहर के चोक होने से सितारंगज के वार्ड छह के रिहायसी इलाके में पानी घुसने से लोगों की सांसें अटक गईं। हालांकि रुद्रपुर में कल्याणी नदी का जलस्तर कम होने से जगतपुरा, भूतबंगला आदि निचले इलाकों के क्षेत्रों में जलभराव से राहत मिली है।
विज्ञापन



गूलरभोज: वार्ड छह और गांव में जलभराव से परेशानी

गूलरभोज। बारिश से नगर पंचायत के वार्ड चार, पांच और छह में जलभराव हुआ था। वार्ड चार और पांच में चोक हुए नालों को खुलवाने के बाद पानी की निकासी हो गई है। वार्ड छह और उससे सटे कोपा लाल सिंह गांव में करीब 50 पचास घरों में जलभराव से लोग परेशान हैं।

वार्ड छह में इंद्र सिंह मेहता के घर से होते हुए अमला देवी के घर तक बरसाती पानी ने तालाब का रूप ले लिया है। वहीं इससे सटे ग्रामसभा कोपा के गांव कोपा लाल सिंह के भी करीब 30 घरों में बरसाती पानी चला गया। बताया जा रहा है कि पानी निकासी को बनी पुरानी पुलिया ध्वस्त होने से निकासी बंद हो गई। इससे हर साल बरसातों में जलभराव से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर पंचायत के ईओ आशीष नेगी ने बताया कि वहां ग्रामीणों का पुराना विवाद चला आ रहा है। फिर भी समस्या को हल करने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन




लोगों की पीड़ा

गरीब की कोई सुनने वाला नहीं है। उनका घर निचले स्थान पर बना होने की वजह से खेतों और बारिश का पानी सीधे घर में घुस जाता है। इससे घर में रखा अनाज, कपड़े राशन पानी से खराब हो गया है। -महेश



घर के समीप बिजली का ट्रांसफार्मर लगा है। इसके पोल बरसाती पानी में डूबे है। किसी भी समय कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।-इंद्र सिंह मेहता



घर के आसपास का पानी सब उनके घर तक व स्टोर में पहुच गया गया है, इससे अनाज व लकड़ी का सामान खराब हो गया है। -पूनम दुम्का









सितारगंज: बैगुल नहर के चोक होने से आबादी क्षेत्र में घुसा पानी

सितारगंज। देर रात बैगुल नहर के चोक होने से वार्ड छह के रिहायसी इलाके में पानी घुस गया। वार्ड के अविनाश ने रात्रि 12 बजे तहसीलदार जगमोहन त्रिपाठी को वार्ड में जलभराव की सूचना दी। तहसीलदार ने रात में उपनिरीक्षक रामअवतार को मौके पर भेजा। दो जेसीबी मशीन से पानी की निकासी कराई गई।





रुद्रपुर: कल्याणी नदी का जलस्तर कम होने से राहत

रुद्रपुर। कल्याणी नदी का जलस्तर कम होने से जगतपुरा, भूतबंगला आदि निचले इलाकों के क्षेत्रों में जलभराव से राहत मिली है। शनिवार को बारिश नहीं होने के चलते जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी की निकासी हो गई है।
नगर निगम की टीम ने भी डीडी चौक स्थित जलभराव वाली सड़क से पानी की निकासी कर दी है। हालांकि निगम की टीम ने सकर मशीन से एक सड़क से पानी निकालकर दूसरी सड़क में ही फेंक दिया। वहीं जलभराव वाले क्षेत्रों में सुबह से चहल-पहल नजर आई, पानी की निकासी होने से लोगों में काफी खुशी थी।

दूसरा शनिवार होने के बावजूद नगर निगम के अधिकारी फील्ड में साफ-सफाई करवाते हुए नजर आए। शहर के 25 बड़े नालों की सफाई का ठेका 35 लाख रुपये में नगर निगम की टीम ने ठेकेदारों को दे दिया है। ठेकेदारों ने नालों की सफाई करना शुरू कर दी है। वहीं निगम की ओर से नाला गैंग में आउटसोर्स से 50 कर्मचारियों की तैनाती कर दी है। यह कर्मचारी ढाई माह तक शहर के मध्यम नालों की सफाई कार्य में जुटे रहेंगे।


बीते सालों पहले हुई घटना का सबक लेकर कल्याणी नदी की पूर्व में ही सफाई करा दी गई थी। उत्तरप्रदेश बार्डर के समीप शांति कालोनी के पास जेसीबी के माध्यम से नदी में कूड़े की सफाई कर दी गई थी। इससे नदी का पानी सीधे यूपी की ओर निकल गया है।

-रामपाल सिंह, मेयर




चीनी मिल गोदाम पूरी तरह सुरक्षित : मिल प्रधान प्रबंधक

जसपुर। फीका नदी के बढ़ रहे जलस्तर से मिल में बाढ़ का पानी रोकने के लिए मिल प्रबंधन ने पूरे इंतजाम किए हैं। चीनी के गोदाम मिल हाउस पूरी तरह सुरक्षित हैं। नादेही चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक विवेक प्रकाश ने कहा कि बीते दिनों मिल परिसर में जगह-जगह जलभराव हो गया था जिसे निकलवा दिया गया है। फीका नदी में बढ़ रहे जल स्तर पर मिल प्रबंधन की ओर से लगातार नजर रखी जा रही है। चीनी मिल के गोदाम, मिल हाउस पूरी तरह सुरक्षित हैं। बृहस्पतिवार को डीएम उदयराज सिंह, एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने जिले के आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर अधिकारियों को नादेही चीनी मिल में हो रहे जलभराव को तत्काल कम करने के निर्देश दिए थे।


जसपुर: तटबंध की मरम्मत का कार्य शुरु

जसपुर। सिंचाई विभाग के एई के नेतृत्व में तीन दिन पूर्व फीका नदी में अधिक पानी आने से क्षतिग्रस्त हुए राजपुर-पूरनपुर को जोड़ने वाले तटबंध की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया। सिंचाई विभाग अब तक 4000 कट्टों की पीचिंग कर चुका है। रविवार तक काम चलने की उम्मीद है। नदी में तेज पानी आने के बाद विधायक आदेश चौहान एवं एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने नदी एवं क्षतिग्रस्त तटबंध का निरीक्षण कर सिंचाई विभाग को पीचिंग करने के निर्देश दिए थे। शनिवार को एई एचसी भदौला, जेई विनोद कुमार की देखरेख में कर्मियों ने जाल लगाकर मिट्टी से भरे कट्टे क्षतिग्रस्त तटबंध पर लगाये। एई ने बताया कि क्षतिग्रस्त तटबंध को रविवार तक ठीक कर दिया जाएगा।


हादसों का कारण बन रहे सड़क के गड्ढे

काशीपुर। जसपुर को रामनगर से जोड़ने वाला मानपुर रोड़ मिनी बाईपास मार्ग शमशान घाट के पास तिराहे पर क्षतिग्रस्त है। यहां पर कई फीट बड़े गड्ढे हो गए हैं। इनमें बारिश का पानी भरने से परेशानी बढ़ गई है। आसपास के दुकानदारों ने बताया दिनभर में चार-पांच दोपहिया वाहन चालक इसमें गिर कर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने गड्ढे से बचाव के लिए वहां ईंट व लाल कपड़ा लगा दिया है।


काशीपुर: अंबा विहार कॉलोनीवासियों ने विधायक आवास का घेराव किया

काशीपुर। अंबा विहार कॉलोनी वार्ड नंबर आठ के निवासियों ने चार दिन से कॉलोनी की बिजली सप्लाई ठप होने व जलभराव के विरोध में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के आवास के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।
पार्षद कुलवंत सिंह रंधावा के नेतृत्व में लोग विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के आवास पर धरना-प्रदर्शन करने पहुंच गए। लोगों ने कहा चार दिन पहले ट्रांसफार्मर फुंक गया था जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित है। कॉलोनी के पास से गुजर रही नहर पर अतिक्रमण से पानी ओवर फ्लो होकर कॉलोनी में घुस रहा है। पार्षद कुलवंत सिंह ने विधायक को बताया कि बिजली विभाग चार दिनों से सुध नहीं ले रहा है। धरना देने वालों में कुलवंत सिंह, सुमित यादव, सौरभ शर्मा, पूजा चटर्जी, प्रज्ञा शर्मा, अनीता, अर्चना यादव आदि मौजूद रहीं।



विधायक का फोन रिसीव नहीं किया, पिता ने सुनाई खरी खोटी

विधायक ने बिजली अधिकारियों को फोन किया तो किसी भी अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया। कुछ समय बाद पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा पहुंच गए। उन्होंने बिजली अधिकारियों को फोन करके खरी-खोटी सुनाकर कहा कि चार दिन से बिजली नहीं आने से कॉलोनीवासी परेशान हैं। तकरीबन आधा घंटे बाद बिजली विभाग के एक अधिकारी ने पूर्व विधायक चीमा को फोन से बताया कि नया ट्रांसफार्मर लगा दिया है।




ग्राम पैगा में जेसीबी से कराई महादेव नहर की सफाई

काशीपुर। ग्राम पैगा में जलकुंभी अटकने से नहर का पानी आबादी और खेतों में घुसने के मामले में सिंचाई विभाग ने जेसीबी से सफाई करा दी है।
शुक्रवार को बारिश के चलते महादेव नहर में जलकुंभी अटकने से नहर का पानी नई आबादी पैगा कॉलोनी, कृष्णापुरम, दुर्गा कॉलोनी, इंडियन बैंक के पास और खेतों में घुस गया था। आठ जुलाई के अंक में अमर उजाला ने जलकुंभी अटकने से आबादी और खेतों में घुसा नहर का पानी शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने जेसीबी लगाकर नहर की सफाई करा दी। भाजपा ग्रामीण मंडल महामंत्री डॉ. तेजपाल सिंह ने बताया कि सिंचाई विभाग ने जेसीबी लगाकर नहर की सफाई करा दी है। वहां पर श्याम सेवक, हरी सिंह, सुरेश कुमार, खेम सिंह, विजेंद्र आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन






ग्राम पैगा में पुलिया के पास जलकुंभी अटक गई थी। जिसके चलते नहर का पानी आबादी में घुस गया था। जेसीबी लगाकर नहर की सफाई करा दी गई है।

-पवन सिलवाल, सहायक अभियंता, सिंचाई विभाग काशीपुर।

काशीपुर के महुआखेड़ा गंज-बरखेड़ा पांडे की क्षतिग्रस्त सड़क। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें