खटीमा। क्षेत्र के नागरिक चिकित्सालय में जुलाई और अगस्त महीने में करीब 236 डॉग बाइट के मामले सामने आए हैं। इनमें से जुलाई में 130 और अगस्त में 106 मामले देखने को मिले हैं। अस्पताल में सबसे अधिक मामले राजीवनगर क्षेत्र से आ रहे हैं।
अस्पताल में तैनात डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि प्रजनन काल के होने के कारण कुत्ते अधिक आक्रामक होकर काटने लगते हैं। उन्होंने बताया कि कुत्ते के काटने पर कटे स्थान को साबुन से साफ करके धोएं। अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध है जो कि अस्पताल में आए डॉग बाइट के मरीजों को लगाई जा रही है।
इन बातों का रखें ध्यान
घबराएं नहीं।
घाव को खुला रखें।
घाव को तुरंत साबुन से धोएं।
कटे स्थल पर टाइट कपड़ा न बांधे।
घटना के 24 घंटे में डॉक्टर को दिखाएं।
संक्रमण से बचने के लिए पहला टीका लगवाएं।
फौजी मटकोटा में तेंदुआ दिखने से दहशत
रुद्रपुर। शहर से सटे गांव फौजी मटकोटा निवासी शिवराज सिंह रावत शनिवार सुबह अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान तेंदुआ देखते ही वह भयभीत हो गए। कुछ देर बाद तेंदुआ वहां से उठा और गन्ने के खेत में जाकर छिप गया। ग्रामीणों ने वनाधिकारियों से तेंदुए को पकड़ने की मांग की। रेंजर भूपाल सिंह कैड़ा का कहना है कि जंगल से सटे कई क्षेत्रों में तेंदुआ पहुंच रहा है। यह आम बात है। हालांकि टीम को भेज कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।