रंपुरा में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और भाजपा कार्यकर्ता के बीच हुए विवाद व मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में अब विधायक और पूर्व विधायक आमने-सामने आ गए हैं। फेसबुक पर दोनों में शब्दबाण चले हैं जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विधायक शिव अरोरा का कहना है कि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल व उसके भाई ने जिस तरह से मोहित कोली पर हमला किया वह निंदनीय है। कहा कि जिसे रंपुरा की जनता ने दो बार विधायक और एक बार चेयरमैन बनाया उसने क्षेत्र के ही एक युवक पर हाथ उठाया है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि ठुकराल झूठ की दुकान हैं। वह कहते हैं कि मैं जागरण में था। तभी उनकी गाड़ी पर युवक ने हाथ मारा जिस पर पुलिस बुलानी पड़ी।
विधायक अरोरा ने पूछा कि क्या तुम इतने सीधे हो कि बिना कुछ सुने और समझे ही युवक पर हाथ उठा लिया। विधायक का कहना है कि दोनों भाइयों को शर्म आनी चाहिए। दोनों ने जाते ही एक भाजपा कार्यकर्ता पर हाथ उठाया। राजकुमार ठुकराल ने भी अपनी फेसबुक वॉल से पोस्ट कर विधायक को चेताते हुए लिखा है कि रंपुरा में जाकर उनके लिए गलत संदेश न फैलाएं। रंपुरा का एक-एक व्यक्ति उनके परिवार का सदस्य है। विधायक बिना कुछ सोचे समझे उनके बारे में नकारात्मकता फैला रहे हैं। कोट
रंपुरा भाजपा का परिवार है। हमारे परिवार के सदस्य के साथ यदि गलत होगा तो हम उसके साथ खड़े रहेंगे। मारपीट करने से पहले पूर्व विधायक ठुकराल को सोचना व समझना चाहिए था। - शिव अरोरा, विधायक
- मेरे बारे में गलत संदेश फैलाने की कोशिश न करें। रंपुरा हमारे लिए और हम रंपुरा वालों के लिए हमेशा खड़े रहे हैं। जो युवक मुझ पर आरोप लगा रहा है उसने हमारे ड्राइवर के साथ अभद्रता की। मेरे और मेरे भाई की हत्या की प्लानिंग की जा रही थी। विधायक पूरी घटना को जानने के बाद मेरे बारे में बोलें। - राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक