जसपुर। विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री से देहरादून में उनके निवास पर भेंट कर सीएचसी में डॉक्टरों की नियुक्ति करने की मांग की है। शनिवार को विधायक आदेश चौहान ने स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत से भेंट कर कहा कि कोविड-19 की तीसरी लहर के आने की संभावना बनी है। सीएचसी में वर्षों से बाल रोग विशेषज्ञ का पद रिक्त है जिससे क्षेत्रवासी अपने बच्चों को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कहा कि यदि डॉक्टरों की अस्पताल में स्थायी नियुक्ति संभव नहीं हो तो काशीपुर सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों को सप्ताह में दो दिन बैठने की व्यवस्था करें। उन्होंने अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ, सर्जन और एनेस्थीसिया की नियुक्ति जल्द कराने की मांग की। विधायक आदेश चौहान ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री ने जल्द ही अस्पताल में रिक्त पड़े डॉक्टरों के पदों पर नियुक्ति करने का आश्वासन दिया है।