रुद्रपुर। संजय नगर खेड़ा में किशोरी का शव घर के किचन में फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि वह पिछले चार दिनों से काफी गुमसुम थी।
संजय नगर खेड़ा निवासी राधा (16) मां और भाईयों के साथ रहती थी। उसने कुछ साल पहले पढ़ाई छोड़ दी थी। सोमवार सुबह करीब छह बजे उनके छोटे भाई राजा ने देखा तो राधा का शव किचन में चादर के सहारे छत पर लगी टीन के एंगल से लटक रहा था। परिजन आनन-फानन में नजदीक मौजूद एक डॉक्टर को बुलाकर लाए और शव को नीचे उतारा। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने पहुंच कर मामले की जानकारी ली और शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राधा दो बहन और चार भाईयों के बीच में सबसे छोटी थी। बड़ा भाई उमेंद्र सिडकुल की फैक्टरी में नौकरी करता है। उनका कहना है कि पिछले कई दिनों से अचानक बहन बहुत शांत रहने लगी थी। एसएचओ ट्रांजिट कैंप सुंदरम शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।