केलाखेड़ा। बेरिया दौलत में माइनिंग टीम पर खनन कारोबारियों ने हमला कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों पर केस दर्ज किया है। कैलाश रिवर बेड मिनरल्स माइनिंग टीम के सुपरवाइजर बी. गोपाल रेड्डी ने थाने में दी तहरीर में कहा कि पुलिस चौकी बेरिया दौलत के सामने शुक्रवार को माइनिंग टीम चेकिंग के लिए खड़ी थी। वहां पर इस दौरान खनन कारोबारी माइनिंग टीम के सुपरवाइजर गोपाल रेड्डी और श्रीराम रेड्डी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हो गई। कारोबारियों के तेवर देख दोनों सुपरवाइजरों ने भागकर जान बचाई। माइनिंग टीम की दूसरी गाड़ी बेरिया दौलत से होते हुए दिनेशपुर जा रही थी। आरोपियों ने माइनिंग टीम की गाड़ी का पीछा किया। आरोपियों ने गुरुद्वारे के पास टीम की गाड़ी को ओवरटेक कर रोकी और हमला किया। खनन कारोबारियों ने कर्मियों को जान से मारने की धमकी दी। सीओ विभव सैनी ने बताया कि पुलिस ने टोनी और रामपाल के खिलाफ बीएनएस की धारा 115, 126 (2), 351(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना एसआई मुकेश चंद्र को सौंपी गई है।