रुद्रपुर के आंचल चिलिंग सेंटर में प्रेस वार्ता करते प्रशासक तिलक राज गंभीर।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर दुग्ध संघ की ओर से नौ सितंबर से आंचल दूध के दामों में डेढ़ से दो रुपये की वृद्धि की जा सकती है। संघ की ओर से जिले के 10500 दुग्ध उत्पादकों को खुशखबरी दी गई है। दुग्ध उत्पादकों को अब 39 के बजाय 41 रुपये प्रति लीटर दिए जाएंगे।
शनिवार को काशीपुर रोड स्थित आंचल के चिलिंग सेंटर में ऊधमसिंह नगर दुग्ध संघ के प्रशासक तिलक राज गंभीर व प्रधान प्रबंधक संजय डिमरी ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से दुग्ध उत्पादकों की मांग को देखते हुए दुग्ध उपार्जन के रेट बढ़ा दिए गए हैं। अब उन्हें 39 रुपये के बजाय दुग्ध उपार्जन के रेट 41 रुपये दिए जाएंगे।
बताया कि जिले में इससे पहले जून में दुग्ध उत्पादकों के रेट में दो रुपये की वृद्धि की गई थी। अब दोबारा सितंबर में दो रुपये की वृद्धि की जा रही है। बताया कि आंचल की एटीएम वैन खटीमा, सितारगंज, बाजपुर, रुद्रपुर, काशीपुर में चल रही है। एटीएम वैन से भी लोग दूध खरीद रहे हैं। बताया कि इस समय जिले में 38 हजार लीटर दूध की मांग है। इसमें से 30 हजार लीटर प्रतिदिन इसकी खपत हो रही है। बताया कि जल्द ही आंचल के मिल्क बूथ भी सरकारी संपत्तियों में स्थापित होने वाले हैं।