किच्छा कोतवाली क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने का मामला सामने आया है। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी युवक के खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां ने तहरीर में बताया कि उनकी बेटी काफी समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ है। पड़ोस में रहने वाले युवक का उनके घर अक्सर आना-जाना था और वह उन्हें बुआ कहकर बुलाता था। महिला के अनुसार उनकी बेटी कुछ महीनों से बीमार चल रही थी। लगातार दवा चलने के बाद भी सुधार नहीं हुआ तो 3-4 दिन पहले जांच कराई गई। जांच में पता चला कि किशोरी छह माह की गर्भवती है। आरोप है कि युवक ने किशोरी की मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।